फीचर्डव्यापार

10 दिन में आएंगे 18 लाख यात्री, औसतन 1.64 लाख रोजाना; 100% क्षमता लौटी

कोरोना से बेहाल हुई एविएशन इंडस्ट्री के लिए शुभ संकेत है। दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने 25 नवंबर से पूरी क्षमता हासिल कर ली है। एयरपोर्ट पर 10 दिन यानी 5 दिसंबर तक 18 लाख यात्री पहुंचने का अनुमान है। इस हिसाब से औसतन रोज 1 लाख 64 हजार यात्रियों की आवाजाही होगी। 4 दिसंबर सबसे व्यस्त दिन होने की उम्मीद है, जिसमें यात्रियों की संख्या 190,000 के आंकड़े को पार करने की संभावना है। पूरी क्षमता हासिल करने से पहले दुबई ने एक्सपो 2020, टी 20 वर्ल्ड कप और आईपीएल के साथ रिकवरी की शुरुआत की थी।

उसके बाद ही एयरपोर्ट पूरी क्षमता हासिल कर सका। 2 सप्ताह पहले दुबई एयर शो की तैयारियों के बीच दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (डीसीएए) के अध्यक्ष, दुबई एयरपोर्ट के अध्यक्ष और सीईओ शेख अहमद बिन सईद अल मख्तूम ने कहा था कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कोविड -19 महामारी के प्रकोप के बाद पहली बार पूरी क्षमता से वापस आएगा। एक शीर्ष इमिग्रेशन अधिकारी ने बताया कि सोमवार तक कोरोना चरम के बाद सामान्य जीवन में धीरे-धीरे वापसी में रोज करीब 145,000 यात्री दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गुजर रहे थे। बता दें कि एक्सपो 2020 दुबई ने करीब 50 दिन में 41 लाख विजिट का रिकॉर्ड बनाया।

दुबई हवाईअड्डे के इस साल 2.8 करोड़ अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लक्ष्य को पार करने की उम्मीद है। उम्मीद है कि 2022 में यात्रियों की संख्या बढ़कर लगभग 5 करोड़ हो जाएगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण दुबई ड्यूटी फ्री ने अपने 700 से अधिक पुराने कर्मचारियों को नौकरी पर वापस बुलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *