मणिपुर में 3 की मौत के बाद इंफाल में तनाव:पहाड़ों से फायरिंग हुई; मोर्टार से भी हमला
मणिपुर में शनिवार को सुरक्षाबलों और मैतेई समुदाय के बीच झड़प हुई। इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। ये हिंसक झड़प टेराखोंगसांगबी कांगवे और थोरबुंग में हुई। यह इलाका कुकी-मैतेई के बीच का बॉर्डर है, जो बफर जोन कहलाता है।
मृतकों की पहचान युमनम जितेन मैतेई (46), युमनम पिशाक मैतेई (67) और युमनम प्रेमकुमार मैतेई (39) के रूप में की गई है, जो सभी क्वाक्टा लामल्हाई के रहने वाले हैं।
हमलावर बफर जोन क्रॉस करने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षाबलों ने जब रोका तो इनके बीच झड़प हो गई। इस दौरान फायरिंग भी की गई। सुरक्षाबलों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
तीन लोगों की मौत के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। थोरबंग एरिया में पहाड़ों से फायरिंग की गई। मोर्टार से भी हमला किया गया। भीड़ ने कई रास्ते जाम कर दिए हैं।
वहीं, हिंसा को लेकर इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम में रविवार को कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जाएगी।