नासा ने 50 साल बाद लॉन्च किया मून मिशन
फ्लोरिडा: अमेरिकी अंतरिक्ष संस्था नासा ने सोमवार को अपने मून मिशन का ऐलान किया है। 50 साल बाद नासा की तरफ से चार अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर भेजा जाएगा। जो चार अंतरिक्ष यात्री चांद पर जाएंगे उनमें क्रिस्टीना कोच मिशन के लिए नियुक्त पहली महिला अंतरिक्ष यात्री बनेंगी। जबकि विक्टर ग्लोवर पहले अश्वेत अंतरिक्ष यात्री होंगे। नासा का यह मिशन साल 2024 के अंत में या फिर साल 2025 की शुरुआत में लॉन्च होगा। ये अंतरिक्ष यात्री रीड विस्मैन और जेरेमी हैनसेन के साथ रवाना होंगे।
चांद के चक्कर लगाएंगे चारों
सबसे दिलचस्प बात है कि ये अंतरिक्ष यात्री चांद पर उतरेंगे नहीं लेकिन यह मिशन आने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के लिए लैंडिंग का रास्ता आसान कर सकेगा। ह्यूस्टन, टेक्सास में एक समारोह के दौरान नासा ने चारों अंतरिक्ष यात्रियों को सबके सामने पेश किया। इनमें से तीन अंतरिक्ष यात्री अमेरिकी नागरिक हैं तो एक कनाडा के हैं। मिशन के लिए खुद को तैयार करने के लिए ये अंतरिक्ष यात्री अब कठिन ट्रेनिंग की शुरुआत करेंगे। एक महिला और अश्वेत अंतरिक्ष यात्री के चयन के बाद नासा अपने अन्वेषण प्रयासों में और ज्यादा विविधता लाने के अपने वादे को पूरा कर रही है। अभी तक नासा और दूसरी एजेंसियों की तरफ से जितने भी अंतरिक्ष यात्री गए वे श्वेत थे।