तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में चक्रवाती तूफान मैंडूस
उत्तर भारत के राज्यों में जहां सर्दी बढ़ती जा रही है, वहीं दक्षिण में बारिश का दौर अब भी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक साउथ इंडिया में बने गहरे दबाव के कारण चक्रवाती तूफान मैंडूस की आशंका है। इसका असर दक्षिणी क्षेत्रों में दिखेगा। 8 से 11 दिसंबर तक पुडुचेरी, उत्तर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तट प्रभावित होंगे।
इन क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं 9 दिसंबर को 70 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की भी आशंका है। बुधवार को भी बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे दक्षिण-पूर्व के ऊपर डीप डिप्रेशन बना। गुरुवार को चक्रवात मैंडूस कराईकल से लगभग 500 किमी पूर्व-दक्षिण और चेन्नई से 580 किमी दक्षिण-पूर्व में है।तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। 10 दिसंबर को इन क्षेत्रों में दोपहर तक तेज हवाओं की रफ्तार घटकर 50-60 किमी प्रति घंटे तक हो जाएगी। उसके बाद रात तक ये 40-50 की रफ्तार तक पहुंच जाएंगी।