आते ही लगातार दो सिक्स, IPL में आज भी धोनी के छ्क्कों पर सबसे ज्यादा शोर
चेन्नई: महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई के बीच अटूट रिश्ता है। रांची में पैदा हुए माही भारत के दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में भगवान की तरह पूजे जाते हैं। अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स को चार बार चैंपियन बनाने के बाद वह करियर के आखिरी पड़ाव पर है। ऐसे में जब चेन्नई की 1426 दिन बाद चेपॉक में वापसी हुई तो फैंस अपने सुपरस्टार का पिच पर बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। थाला ने भी निराश नहीं किया। आखिरी ओवर में जब जडेजा के आउट होने के बाद मैदान पर पहुंचे तो स्कोर 200 रन के पार हो चुका था। इस विशाल स्कोर को और बड़ा करते हुए धोनी ने बैक-टू-बैक दो छक्के उड़ा दिए।
सामने मार्क वुड थे, जिन्होंने अपने पहले मैच में पांच विकेट चटकाए थे और इस मुकाबले में दो शिकार कर चुके थे। इस तूफानी गेंदबाज की पहली ही बॉल पर धोनी ने स्क्वैयर कट किया और थर्ड मैन के ऊपर से छह रन निकाले। अगली गेंद पर तो विंटेज धोनी नजर आया। इस बार छोटी पटकी गेंद को लेग साइड पर पुल कर दिया और बॉल को स्टैंड्स में भेज दिया| इस शॉट के साथ ही एमएस आईपीएल में 5 हजार रन बनाने वाले सातवें खिलाड़ी बन गए। विराट कोहली, शिखर धवन, डेविड वार्नर, रोहित शर्मा, सुरेश रैना और एबी डिविलियर्स वाले एलीट क्लब के अन्य सदस्य बन गए। तीसरा छक्का लगाने की कोशिश में आउट हो गए। तीन गेंद में 12 रन की पारी का अंत हुआ।