मुख्यमंत्री भूपेश केरल के कोल्लम पहुंचे:राहुल गांधी के साथ 12 किमी यात्रा में शामिल
एक दिन के आराम के बाद #BharatJodoYatra शुक्रवार सुबह 6:45 बजे कोल्लम से फिर शुरू हो गई है। इस यात्रा में आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल है। 12.5 किलोमीटर चलने के बाद यात्रा समुद्र के किनारे नींदकरा में रुकेगी। दोपहर में काजू श्रमिकों, काजू उद्यमियों, ट्रेड यूनियन और RSP तथा फॉरवर्ड ब्लॉक के नेताओं के साथ बातचीत होगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यात्रा में शामिल होने के लिए गुरुवार शाम को रायपुर से केरल के त्रिवेंद्रम के लिए रवाना हो गए थे। वहां से सड़क मार्ग से कोल्लम पहुंचे। तय कार्यक्रम के मुताबिक यात्रा कोल्लम के पोलायथोड़ु जंक्शन से आगे बढ़ी। विभिन्न पड़ावों से होते हुए करीब 11 बजे यह पदयात्रा शिवम बीच रिसॉर्ट पहुंचेगी।
वहां करीब एक-डेढ़ घंटा बिताने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल त्रिवेंद्रम हवाई अड्डे के लिए रवाना हो जाएंगे। यह शहर वहां से 55-60 किमी की दूरी पर है। त्रिवेंद्रम से मुख्यमंत्री हवाई जहाज से रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे आएंगे। यहां उनके आने का संभावित समय 4.45 बताया जा रहा है।