मुंबई और पंजाब को मिला नया हेड कोच:MI ने मार्क बाउचर तो पंजाब ने ट्रेवर बेलिस को सौंपी जिम्मेदारी
साउथ अफ्रीका टीम के कोच और पूर्व क्रिकेटर मार्क बाउचर को मुंबई इंडियंस का नया हेड कोच नियुक्त किया है। वो महेला जयवर्धने की जगह लेंगे। वहीं, पंजाब किंग्स ने अनिल कुंबले को टीम के हेड कोच के पद से हटाकर 2019 वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड टीम के कोच रहे ट्रेवर बेलिस को ये जिम्मेदारी सौंपी है।
IPL सीजन 2023 से दोनों हेड कोच की भूमिका में नजर आएंगे। महेला जयवर्धने फ्रेंचाइजी से जुड़े रहेंगे, लेकिन उन्हें कुछ बड़ी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जिसके चलते उन्हें हेड कोच की भूमिका को छोड़ना पड़ा।
इस नियुक्ति के बाद बाउचर ने कहा, ‘मैं इस चुनौती को लेकर उत्साहित हूं और जिन परिणामों की मुझसे आशा की जा रही है उसकी इज्जत करता हूं। ये एक मजबूत यूनिट है जिसमें कई शानदार खिलाड़ी और अच्छी लीडरशिप है। मैं इस डायनामिक यूनिट में और वैल्यू ऐड करने को लेकर उत्साहित हूं।’
टी-20 वर्ल्ड कप के बाद नहीं होंगे साउथ अफ्रीका के कोच
हाल ही में साउथ अफ्रीका को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-1 से शिकस्त मिली इसके ठीक बाद बाउचर ने ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद साउथ अफ्रीका टीम के कोच के पद को छोड़ने का ऐलान किया था।
