राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनीति और धर्म के घालमेल पर बड़ा हमला किया है। रायपुर के कोटा स्थित विवेकानंद विद्यापीठ में आयोजित ’विवेकानंद राष्ट्रीय युवा सम्मेलन’ में मुख्यमंत्री ने कहा, आजकल राजनीति करने वाले धर्म की बात कर रहे हैं और धार्मिक गुरु चुप बैठे हुए हैं। हम हिंदू हैं, हमें इस बात पर गर्व है लेकिन किसी और धर्म का अपमान करें यह उचित नहीं है। धर्म कभी घृणा की बात नहीं कर सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा, साधु संत के दो काम हैं, जगत का कल्याण और आत्म उन्नति। यदि आपके मन में घृणा है तो आप साधु नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, स्वामी रामकृष्ण परमहंस ने कहा था कि आप किसी भी पद्धति से प्रार्थना करिए या पूजा करें, आप एक ही ईश्वर तक पहुंचेंगे। आप किसी भी रास्ते से चलिए आप पहुंचेंगे एक ही जगह पर। उन्होंने समानता की बात कही, जोड़ने की बात कही, यही हिंदुस्तान की ताकत है। भारत की धरती से अनेक धर्म निकले हैं। हमें सभी धर्मो का सम्मान करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने रायपुर में बनने वाले स्वामी विवेकानंद के स्मारक को सबसे बेहतर बनाने की बात कही।
स्वामी विवेकानंद की स्मृतियों पर बात की
मुख्यमंत्री ने कहा, छत्तीसगढ़ से विवेकानंद जी का गहरा लगाव रहा है। कोलकाता के बाद स्वामी विवेकानंद जी ने रायपुर में सबसे ज्यादा समय बिताया। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने विपक्ष में रहते हुए रायपुर एयरपोर्ट का नाम विवेकानंद जी के नाम पर रखने के लिए विधानसभा में एक अशासकीय संकल्प पेश किया था। स्वामी विवेकानंद जी का व्यक्तित्व इतना विराट है कि उनके नाम पर पक्ष-विपक्ष के सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की और संकल्प विधानसभा में पारित हुआ।