यूपी में आजम-अखिलेश के गढ़ में योगी ने लगाई सेंध
लोकसभा की तीन सीटों पर हुए उपचुनाव के शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं। यूपी के आजमगढ़ सीट पर भाजपा और सपा में कड़ी टक्कर देखी जा रही है। इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के मुताबिक, भाजपा के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ 6,775 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि सपा के धर्मेंद्र यादव दूसरे नंबर हैं। वहीं, रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी सपा प्रत्याशी आसिम राजा से 5,381 वोटों से आगे चल रहे हैं।
पंजाब के संगरूर में शिरोमणि अकाली दल के सिमरनजीत सिंह मान ने 2592 वोटों से बढ़त बनाई है, जबकि आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह पीछे चल रहे हैं।
उधर, विधानसभा की 7 सीटों के उपचुनाव की मतगणना भी जारी है। इन सभी खाली सीटों पर 23 जून को वोटिंग हुई थी। त्रिपुरा की चार और आंध्र प्रदेश, झारखंड और दिल्ली की एक-एक विधानसभा सीट पर भी वोट डाले गए थे।
रामपुर में सपा के आसिम राजा और भाजपा के घनश्याम लोधी के बीच मुकाबला है। यहां कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ रही है। आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव, भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ और बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के बीच त्रिकोणीय टक्कर है।