फीचर्डव्यापार

रुपए के बुरे दिन:27 पैसे कमजोर होकर रिकॉर्ड 78.40 पर पहुंचा रुपया

डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। ये 27 पैसे कमजोर होकर 78.40 पर बंद हुआ। रुपया 78.13 पर खुला था और दिनभर के कारोबार में इसने 78.40 का निचला और 78.13 का उच्चतम स्तर बनाया। वित्तीय बाजारों से लगातार विदेशी फंड का आउटफ्लो और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने रुपए पर दबाव बढ़ाया है।

मेहता इक्विटीज के वीपी (कमोडिटीज) राहुल कलंत्री ने कहा, ‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आक्रामक रूप से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की योजना और FII की लगातार बिकवाली रुपए पर दबाव डाल रही है। बढ़ता व्यापार घाटा और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भी रुपए की बढ़त को रोक रही हैं। ऐसा लगता है कि इस हफ्ते रुपया अस्थिर रहेगा और 78.45 के रेजिस्टेंस लेवल को टेस्ट करेगा।’

कैसे तय होती है करेंसी की कीमत?
करेंसी के उतार-चढ़ाव के कई कारण होते हैं। डॉलर की तुलना में किसी भी अन्य करेंसी की वैल्यू घटे तो इसे उस करेंसी का गिरना, टूटना, कमजोर होना कहते हैं। अंग्रेजी में – करेंसी डेप्रिशिएशन। हर देश के पास विदेशी मुद्रा का भंडार होता है, जिससे वह अंतरराष्ट्रीय लेन-देन करता है।

विदेशी मुद्रा भंडार के घटने और बढ़ने से उस देश की मुद्रा की चाल तय होती है। अगर भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में डॉलर, अमेरिका के रुपयों के भंडार के बराबर है तो रुपए की कीमत स्थिर रहेगी। हमारे पास डॉलर घटे तो रुपया कमजोर होगा, बढ़े तो रुपया मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *