बूचा में लाशों का अंबार देख रो पड़े यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की
रूसी सेना के भीषण हमलों से ‘कब्रिस्तान’ में बदल चुके यूक्रेन के बूचा शहर का हाल देख राष्ट्रपति वोलोदमयर जेलेंस्की भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू आ गए। उन्होंने कहा, ‘बात करना भी बहुत मुश्किल है।’ बूचा शहर में 400 से ज्यादा लाशें मिली हैं और रूसी सेना पर आरोप है कि उसने आम नागरिकों की हत्या कर दी, महिलाओं के साथ बलात्कार किया और बड़ी संख्या में आम लोगों की लाशों को सामूहिक कब्रों में दफन कर दिया। जेलेंस्की ने प्रण किया कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि रूसी सैनिकों की ओर से देश की जमीन पर किया गया ऐसा युद्धापराध धरती पर आखिरी हो।
राजधानी कीव के पश्चिमोत्तर में स्थित बूचा शहर से रूसी सेना के जाने के बाद भयानक तस्वीरें सामने आई हैं। इसमें आम नागरिकों के शव सड़कों पर हर तरफ बिखरे हुए हैं। सड़कें एक तरह से खुली कब्रिस्तान में बदल गई हैं। इन लाशों को देखकर लग रहा है कि रूसी सैनिकों ने बूचा के लोगों को मारने से पहले उन्हें यातना दी। कई लोगों के शरीर पर गंभीर घाव हैं और उनके हाथ पीछे की ओर बंधे हुए हैं। बताया जा रहा है कि कई आम लोगों को बेहद करीब से गोली मारी गई है।
चर्च के अंदर 45 फुट लंबी सामूहिक कब्र दिखाई दी
रूस का दावा है कि ऐसा कोई भी नरसंहार नहीं हुआ है लेकिन बूचा की पिछले महीने ली गई सैटलाइट तस्वीर में एक चर्च के अंदर 45 फुट लंबी सामूहिक कब्र दिखाई दी थी। उस समय यह इलाका रूसी सेना के नियंत्रण में था। वहीं न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इन आम नागरिकों को रूसी नियंत्रण के दौरान 3 सप्ताह पहले मारा गया था। यूक्रेन और पश्चिमी देशों के नेताओं ने आरोप लगाया है कि रूस यूक्रेन में नरसंहार कर कर रहा है और उनके शवों को फेक रहा है।