जगन्नाथ पुरी रोसाघर मामला:CCTV फुटेज में चूल्हे तोड़ता दिखा एक शख्स
महारसोई के चूल्हे तोड़े जाने की घटना के बाद ओडिशा के मुख्य सचिव सुरेश चंद्र महापात्रा DGP सुनील कुमार बंसल श्रीमंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने रोसाघर (भगवान जगन्नाथ का भोग बनाने वाला किचन) मामले की जांच की। उन्होंने कहा कि एक आदमी है जो CCTV फुटेज में चूल्हे तोड़ता हुआ नजर आ रहा है। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
कलेक्टर समर्थ वर्मा के मुताबिक यह काम सुआर-महासुआर नियोग और सुआर नियोग के सेवादारों के बीच हुए विवाद से जुड़ा है।
जांच के लिए बनी 5 सदस्यों की टीम
डीजीपी बंसल ने बताया कि मामले को लेकर सिंहद्वार पुलिस थाने में IPC की धारा 427 और 295A के तहत FIR दर्ज की गई है। वहीं 5 सदस्यों की टीम इस मामले की जांच कर रही है। बंसल ने कहा कि घटना के बाद से मंदिर में सुरक्षाकर्मी बढ़ाए जाएंगे। वहीं हाई रेजोल्यूशन कैमरा भी लगाए जाएंगे। मंदिर के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि 80 चूल्हे टूटे मिले हैं।
मंदिर प्रशासन जता चुका था आशंका
मंदिर प्रशासन ने एक दिन पहले ही चूल्हे तोड़ने में सेवादारों का हाथ होने की बात कही थी। प्रशासन के मुताबिक क्योंकि केवल सुआरा (भोजन बनाने वाले) को ही रसोईघर में एंट्री मिलती है। इसलिए शनिवार की रात ही किसी ने पारंपरिक भोज बनने के बाद चूल्हे तोड़े होंगे। इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए थे।