देउबा ने बाबा विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में भी किया दर्शन-पूजन
नेपाल के पीएम शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी आरजू राणा देउबा काशी पहुंचे। यहां यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने इनका स्वागत किया। उनके साथ 40 सदस्यीय शिष्टमंडल भी आया है। नेपाल के पीएम देउबा ने अपनी पत्नी के साथ काशी विश्वनाथ, बाबा कालभैरव और पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा की।
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनके डेलिगेशन का स्वागत CM योगी आदित्यनाथ ने किया। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ और बाबा कालभैरव मंदिर के लिए निकले तो जगह-जगह उनका जमकर स्वागत हुआ। एयरपोर्ट से शहर की ओर जाने वाले रास्ते में देउबा के स्वागत के लिए सुबह से ही लोकनृत्य और संगीत शुरू हो गया था।
वाराणसी में देउबा के पहुंचने पर जगह-जगह मयूर नृत्य, दीवारी, पाईडंडा लोकनृत्य हुआ। वहीं, सरायकाजी बस स्टैंड पर सोनभद्र के आदिवासियों ने लोकनृत्य कर नेपाल के पीएम का वेलकम किया।
तरना स्थित सेठ जयपुरिया स्कूल के गेट पर नटवरी लोक नृत्य, संत अतुलानंद तिराहा पर सोनभद्र का ही आदिवासी नृत्य, सर्किट हाउस पर बुंदेलखंड का राई नृत्य, पुलिस लाइन चौराहा पर अवध का धोबिया और पूर्वांचल का फरुवाही लोक नृत्य से कलाकारों ने पीएम देउबा का स्वागत किया।
