अगर यूक्रेन को दिए हथियार तो भुगतने होंगे ‘बुरे नतीजे’

मॉस्को : रूस ने कहा है कि यूक्रेन में विदेशी हथियार ले जाने वाले काफिलों को रूसी सशस्त्र बल वैध रूप से निशाना बनाएंगे। देश के उप विदेश मंत्री सर्गेई रियाबकोव ने कहा कि रूस ने अमेरिका को यूक्रेन में हथियार भेजने पर ‘बुरे नतीजे भुगतने’ की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को विदेशी हथियार पहुंचाने वाले काफिले रूसी सशस्त्र बलों के निशाने पर होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और पश्चिम के खिलाफ प्रतिशोधी प्रतिबंधों की सूचियां तैयार हैं और वे जल्द ही सार्वजनिक की जाएंगी।

रियाबकोव ने कहा कि अगर वाशिंगटन इसके लिए तैयार है तो रूस अमेरिका के साथ एक सुरक्षा वार्ता फिर से शुरू कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह नहीं कहेंगे कि सुरक्षा गारंटी पर रूस के प्रस्ताव पूरी तरह से लागू होंगे, क्योंकि स्थिति बदल गई है। उधर यूक्रेन ने दावा किया है कि रूसी कमांड ने उन लोगों की भर्ती के लिए सूची तैयार की है, जो सैन्य सेवा के बजाय सामुदायिक सेवा श्रमिकों के रूप में यूक्रेन के खिलाफ काम करते हैं।

18 दिनों से चल रहा युद्ध
रूस और यूक्रेन की जंग 18 दिनों बाद भी जारी है। युद्ध के शुरुआती दिनों में पुतिन की सेना को एक कदम पीछे हटना पड़ा था क्योंकि यूक्रेनी सैनिकों के साथ देश की जनता ने भी हथियार उठा लिए थे। लेकिन अब रूसी सेना बर्बर और ताबड़तोड़ हमले कर रही है। कीव पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और रूसी सेना निर्णायक हमले की तैयारी कर रही है। जेलेंस्की पश्चिमी देशों से सैन्य सहायता और लड़ाकू विमान की मांग कर रहे हैं लेकिन क्या अमेरिका और क्या नाटो, कोई भी रूस से सीधे टकराना नहीं चाहता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *