एशिया में NATO की दस्तक, इंडो पैसिफिक में चीन-रूस की बढ़ेंगी मुश्किलें
टोक्यो: अमेरिका के नेतृत्व वासा सैन्य संगठन नाटो जापान के टोक्यो में एक संपर्क कार्यालय खोलने की योजना बना रहा है। यह एशिया में नाटो का अपनी तरह का पहला कार्यालय होगा। यह स्टेशन नाटो को जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे प्रमुख भागीदार देशों के साथ समय-समय पर परामर्श करने में सुविधा प्रदान करेगा। इन सभी देशों को चीन और रूस की बढ़ती ताकत से खतरा है। ऐसे में अमेरिका के करीबी समझे जाने वाले ये चारों देश इंडो-पैसिफिक की चुनौतियों को नाटो के साथ मिलकर सामना कर पाएंगे। नाटो और जापान 11 और 12 जुलाई को लिथुआनिया के विलनियस में नाटो शिखर सम्मेलन से पहले एक व्यक्तिगत भागीदार कार्यक्रम पर भी हस्ताक्षर करने वाले हैं। इससे जापान और नाटो साइबर खतरों से निपटने में अपने सहयोग को और ज्यादा मजबूत करेंगे और खतरनाक तकनीकों, प्रॉपगैंडा जैसे खतरों के खिलाफ लड़ेंगे।