विदेश से मिला अरबों का पार्टी फंड चोरी छिपे खपाया
इस्लामाबाद
पाकिस्तान से भ्रष्टाचार का खात्मा करने का वादा करके सत्ता में आए प्रधानमंत्री इमरान खान अब अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ को मिले विदेशी चंदे को छिपाने पर बुरी तरह से घिर गए हैं। पाकिस्तानी चुनाव आयोग के विदेशी फंडिंग मामले में सामने लाए गए चुनावी फंड में करोड़ों रुपये का खुलासा नहीं करने को लेकर विपक्षी दलों ने इमरान खान और सत्तारूढ़ पार्टी पीटीआई की कड़ी आलोचना की है।
फ्राइडे टाइम्स की एक हालिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। ईसीपी की एक जांच समिति द्वारा जारी रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि पीटीआई ने संवैधानिक निकाय को अपने वित्त पोषण के बारे में गलत जानकारी प्रदान की। रिपोर्ट के अनुसार, स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के एक बैंक स्टेटमेंट से पता चला है कि पार्टी को 1.64 अरब रुपये का फंड मिला, जिसमें से 31 करोड़ रुपये से अधिक की कोई रिपोर्ट ही नहीं की गई और इसका कोई हिसाब नहीं रखा गया।
‘इमरान खान ने न केवल चोरी की बल्कि लोगों की जेबें भी लूट लीं’
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-एन (पीएमएल-एन), पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) सहित विभिन्न विपक्षी दलों के सदस्यों के एक समूह ने सत्तारूढ़ पार्टी की ओर से धन को छिपाने की निंदा की और तत्काल आगे की जांच की मांग की। पीएमएल-एन की उपाध्यक्ष मरियम नवाज ने एक बयान में कहा कि इमरान खान ने न केवल चोरी की और छिप गए, बल्कि लोगों की जेबें भी लूट लीं हैं।
