चाहर को छक्का मारकर घूरने वाले मार्टिन गप्टिल आखिर रविचंद्रन अश्विन के क्यों हैं
जयपुर
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल (Martin Guptil) को भारत के रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) के खिलाफ रन बनाना काफी मुश्किल लगता है क्योंकि इस ऑफ स्पिनर का अपनी लाइन, लेंथ और गति पर शानदार नियंत्रण है।
चार साल बाद सीमित ओवरों के क्रिकेट में वापसी करने के बाद से अश्विन ने लगातार प्रभावित किया है। टी20 विश्व कप में उन्होंने प्रभावी गेंदबाजी की और बुधवार को पहले टी20 मुकाबले में एक ही ओवर में न्यूजीलैंड के दो विकेट चटकाकर विरोधी टीम की रन गति पर अंकुश लगाया। उन्होंने अर्धशतक जड़ने वाले मार्क चैपमैन और टिम सीफर्ट को आउट किया।
गप्टिल ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘वह चतुर गेंदबाज है। उसका अपनी लाइन और लेंथ पर शानदार नियंत्रण है। वह खराब गेंद नहीं फेंकता। मुझे याद नहीं कि अपने पूरे करियर में उसने कभी खराब गेंद फेंकी हों।’
उन्होंने कहा, ‘उसका गति में बदलाव इतना कुशल और नियंत्रित होता है कि उसके खिलाफ रन बनाना बेहद मुश्किल हो जाता है।’
सलामी बल्लेबाज गप्टिल ने 42 गेंद में 70 रन की पारी खेली लेकिन उनकी टीम को पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। रविवार को टी20 विश्व कप के फाइनल में हार के बाद न्यूजीलैंड की यह लगातार दूसरी शिकस्त है।
