गुरुग्राम में आधी रह गई नमाज पढ़ने की जगहें, सेक्टर-18 के पार्क में हुआ विरोध
गुरुग्राम
हरियाणा के गुरुगाम में सार्वजनिक जगहों पर नमाज पढ़ने को लेकर हुए विरोध के बाद शुक्रवार की नमाज पढ़ने के जगहों की संख्या 37 से घटकर 20 रह गई। हालांकि पिछले कुछ सप्ताह से हो रहे प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहा। इस बार दिल्ली बॉर्डर के पास सेक्टर 18 में सिरहौल गांव के पार्क में नमाज पढ़ने पर विरोध शुरू हो गया।
सिरहौल मोड उन 20 सार्वजनिक स्थानों में से एक है, जिसकी पहचान नमाज पढ़ने के लिए समिति ने की है। हालांकि मोड़ पर जगह की कमी की वजह से वे पार्क में नमाज पढ़ने गए, जिसका विरोध कुछ स्थानीय नागरिकों ने किया। लोग तिरंगा लेकर पार्क में आ गए और जय श्रीराम की नारेबाजी शुरू हो गई। इससे पहले सेक्टर 12 और 47A में विरोध हुआ था।
सिरहौल के निवासी सुधीर यादव ने कहा, ‘हम नमाज के विरोधी नहीं हैं। लेकिन यह सार्वजनिक स्थानों पर नहीं पढ़ी जानी चाहिए। मुस्लिमों को मस्जिद में जाकर नमाज पढ़नी चाहिए। पार्क एक सार्वजनिक स्थल है और आसपास के लोग दिनभर यहां आते रहते हैं। यहां धार्मिक कार्य नहीं किया जाना चाहिए।’
विवाद की स्थिति पर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति के राजीव मित्तल ने कहा कि लोग खुद पब्लिक प्लेस में नमाज पढ़ने के खिलाफ उतर आते हैं। नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद और ईदगाह जैसी जगहें हैं। अगर मुस्लिम धर्म के लोगों को जमीन की कमी पड़ रही है तो उन्हें इसके लिए आवेजन करना चाहिए।