आज शाम होगा अंतिम संस्कार
कन्नड़ सुपर स्टार पुनीत राजकुमार का अंतिम संस्कार आज शाम को किया जाएगा। पुनीत की बेटी वंदिता अमेरिका से आज दोपहर तक भारत पहुंच जाएगी। पुनीत की मौत का गम फैंस झेल नहीं पा रहे हैं। कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुका के मारो गांव में 30 साल के एक शख्स को खबर सुनते ही हार्ट अटैक आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम मुनियप्पा है जो पेशे से एक किसान था। वहीं बेलगावी के शिंदोली गांव में दूसरे फैन की भी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्टार के निधन की खबर आने के बाद कर्नाटक के बेलगावी जिले के अथानी के एक युवक ने आत्महत्या कर ली है।
कन्नड़ फिल्म एक्टर पुनीत राजकुमार का शुक्रवार को निधन हो गया। पुनीत को जिम में वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ा था, जिसके तुरंत बाद उन्हें बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुनीत राजकुमार के पार्थिव शरीर को जनता के दर्शन के लिए कांतीरवा स्टेडियम में रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार बेंगलुरु में ही राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
अप्रिय घटना रोकने लगाई 144 धारा
पुनीत राजकुमार के निधन से पूरे कर्नाटक में शोक की लहर है। राज्य में सभी थिएटर बंद किए जा चुके हैं। फैंस को काबू में करने के लिए कई इलाकों में धारा 144 लगाई गई है। कर्नाटक के CM बसवराज बोम्मई भी विक्रम अस्पताल पहुंचे थे। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु में दो रात के लिए शराब की बिक्री भी रोक दी गई है।