दो पहिया वाहनों के लिए खुलेगा कुम्हारी फ्लाई ओवर
अगर सब कुछ सही रहा तो 31 अक्टूबर से रायपुर के बीच वाहन चालकों को रोज लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। दुर्ग के कुम्हारी में निर्माणाधीन 800 मीटर लंबा फ्लाई ओवर दो पहिया वाहन चालकों के लिए खोला जा सकता है। जाम को देखते हुए NHAI ने यह निर्णय लिया है। फ्लाई ओवर खुल जाने से सर्विस रोड से 30 हजार से अधिक दो पहिया वाहनों के ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। इससे फोर व्हीलर और हैवी व्हीकल सर्विस रोड से आसानी ने निकल पाएंगे।
दुर्ग से लेकर रायपुर के बीच नेशनल हाईवे पर चार फ्लाई ओवर बनाए जा रहे हैं। इसके चलते वाहनों को सर्विस रोड से आना-जाना करना पड़ रहा है। सर्विस रोड संकरी होने से और गाड़ियों का दबाव अधिक होने से यहां दुर्घटना और जाम लगने की समस्या काफी बढ़ गई थी। इसे देखते हुए PWD के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने 23 सितंबर को यहां का दौरा किया था। उन्होंने इस दौरान NHAI के अधिकारियों और फ्लाई ओवर का निर्माण कर रही एजेंसी के इंजीनियर्स को जमकर फटकारा था।
उस समय अफसरों ने 15 अक्टूबर तक का समय मांगा था और कहा था कि वह दो पहिया वाहन चालकों के लिए फ्लाई ओवर को चालू कर देंगे। इसकी जिम्मेदारी कलेक्टर डॉ. एसएन भूरे को दी गई थी। जब समय से काम पूरा न हुआ तो NHAI के अधिकारियों ने बारिश का बहाना बनाकर कुछ समय और मांगा। कलेक्टर की फटकार के बाद ठेका कंपनी ने कुम्हारी फ्लाई ओवर को दो पहिया वाहन के लायक तैयार कर लिया है और इसे 31 अक्टूबर से संभवतः खोल दिया जाएगा।
