दिल्ली गए विधायकों का रायपुर लौटना अचानक कैंसिल, आधा दर्जन विधायक और पहुंचे
रायपुर
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी के अंदरूनी विवाद में शुक्रवार को नया ट्विस्ट आ गया। दो दिन पहले दिल्ली पहुंचे एक दर्जन से ज्यादा विधायक शुक्रवार को रायपुर लौटने वाले थे। पहले उनका यह कार्यक्रम रद्द हुआ और फिर शाम होते-होते कम से कम आधा दर्जन विधायक फिर दिल्ली रवाना हो गए। इसके बाद से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं फिर तेज होने लगी हैं। शुक्रवार को दिल्ली जाने वाले विधायकों ने कुछ भी साफ बताने से इनकार किया, लेकिन एकाध लोगों ने इशारों में यह बता दिया कि उन्हें बुलाया गया है।
शुक्रवार दोपहर तक खबरें आ रही थीं कि दिल्ली में दो दिन से जमे विधायकों को कोई तवज्जो नहीं मिल रही। पार्टी के किसी बड़े नेता की उनसे मुलाकात नहीं होने के बाद शुक्रवार को उनके रायपुर लौटने का कार्यक्रम तय था। दोपहर में पहले उनकी वापसी रद्द हो गई। फिर शाम को एक के बाद एक कम से कम छह विधायक रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। जानकारी यह भी मिली है कि शुक्रवार देर रात कुछ और विधायक रवाना हो सकते हैं।
किसके बुलावे पर जा रहे, विधायकों ने चुप्पी साधी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थक माने जाने वाले ये विधायक किसके कहने पर और क्यों रुक गए, इसको लेकर कयास लग रहे हैं। शुक्रवार को दिल्ली जाने वाले विधायकों में से एक ने जरूर बताया कि वे बुलावे पर जा रहे हैं। मरवाही के विधायक केके ध्रुव ने कहा कि उन्हें दिल्ली में बैठे कांग्रेस विधायकों ने बुलाया है। दिल्ली में क्या करना है, वहां पहुंचने के बाद पता चलेगा। अन्य विधायक कुछ भी साफ कहने से बचते रहे। किसी ने निजी काम तो किसी ने परिचित के इलाज को कारण बताया।
