46 MLA का समर्थन पत्र भी साथ, दावा- 27 विधायक आ रहे

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 10 विधायकों ने बुधवार शाम से दिल्ली में डेरा डाला है। बताया जा रहा है ये विधायक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी हैं। ये विधायक अपने साथ 46 विधायकों के हस्ताक्षर वाला समर्थन पत्र भी ले गए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें बृहस्पत सिंह, गुरुदयाल बंजारे, मोहित केरकेट्‌टा, डॉ. विनय जायसवाल, द्वारिकाधीश यादव, यूडी मिंज, पुरुषोत्तम कंवर, रामकुमार यादव, चंद्रदेव राय और प्रकाश नायक शामिल हैं। दावा किया जा रहा है, गुरुवार सुबह कुछ और विधायक दिल्ली पहुंच जाएंगे। इस नई कवायद से कांग्रेस की राजनीति में बेचैनी बढ़ गई है।

दावा गुलाब कमरो, विनोद चंद्राकर और पारसनाथ राजवाड़े का भी किया जा रहा था। गुलाब कमरो ने रायपुर में होने की बात कही है। विनोद चंद्राकर ने कहा- वे वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा पर गए थे और लौट रहे हैं। पारसनाथ राजवाड़े ने बताया कि उनकी मां के इलाज के सिलसिले में वे दिल्ली AIIMS आए हुए हैं। उनका विधायकों के किसी गुट से कोई संबंध नहीं है।

रायगढ़ विधायक बोले- क्षेत्र की समस्या के लिए आए
विधायकों के गुट में शामिल रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक ने बताया, वे लोग अपने क्षेत्र के कुछ मुद्दे लेकर केंद्रीय नेताओं से मिलने आए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार से जुड़़ी कोई बात नहीं है। वे लोग सुबह केंद्रीय नेताओं से मिलेंगे। शाम को उनके वापस लौटने की योजना है। नायक ने दावा किया अभी दिल्ली में 15-17 विधायक हैं। यहां 27 विधायक पहुंचने वाले हैं। इन सभी विधायकों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है, राजस्थान और पंजाब के दौरे पर गए आबकारी मंत्री कवासी लखमा भी गुरुवार को दिल्ली पहुंच जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *