सरकार की चेतावनी- फेस्टिवल सीजन में लापरवाही न बरतें, घर में त्योहार मनाएं
केंद्र सरकार ने फेस्टिवल सीजन से पहले एक बार फिर कोरोना को लेकर लोगों को आगाह किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अभी भी दूसरी लहर खत्म नहीं हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने त्योहारों के दौरान सामूहिक समारोहों से बचने की सलाह दी है।
किसी सामारोह में जाना जरूरी हो तो पूरी तरह से वैक्सीनेशन के बाद ही जाएं। स्वास्थ्य सचिव ने लोगों को घर पर त्योहार मनाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और वैक्सीनेशन को अपनाने की सलाह दी।
भूषण ने आगे बताया कि 10 मई के बाद से देश में कोरोना पॉजिटिविटी रेट में गिरावट आई है। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में पिछले हफ्ते आए कोरोना के कुल मामलों में से 69% मामले सिर्फ केरल से आए हैं। वहां फिलहाल एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। जून में 279 जिलों में रोज 100 से ज्यादा केस मिल रहे थे। अभी भी 42 जिलों में कोरोना के रोज 100 से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 10 हजार से एक लाख के बीच है। बाकी राज्यों में यह संख्या 10 हजार के नीचे है। देश में अब तक कोरोना के डेल्टा वैरिएंट के करीब 300 केस सामने आएं हैं।
देश की 54% वयस्क आबादी ने वैक्सीन का पहला डोज लगवाया है। 16% वयस्क आबादी ने वैक्सीन के दोनों डोज ले लिए हैं। सिक्किम, दादरा और नगर हवेली और हिमाचल प्रदेश की 18 साल से अधिक उम्र की 100% आबादी ने वैक्सीन का पहला डोज लगवा लिया है। सिक्किम में 36%, दादरा और नगर हवेली में 18% और हिमाचल प्रदेश में 32% आबादी ने वैक्सीन का दूसरा डोज लगवा लिया है।