ISIS ने ली काबुल हवाई अड्डे पर हुए हमले की जिम्मेदारी
काबुल
काबुल हवाई अड्डे के बाहर हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी खूंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस ने ली है। इस हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि दूसरे घमाके में एयरपोर्ट के गेट के बाहर तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाया गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि इस हमले में अमेरिकी सैनिक भी घायल हुए हैं। इस बीच सभी विदेशी दूतावासों ने अपने नागरिकों को एयरपोर्ट से दूर रहने की सलाह दी है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या अफगानिस्तान में अब नई जंग शुरू हो गई है।
काबुल एयरपोर्ट के बाद पकड़े गए थे चार आतंकी
तालिबान ने कुछ दिन पहले ही काबुल एयरपोर्ट के बाहर से आईएसआईएस के चार आतंकियों को पकड़ा था। ये आतंकी एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों की रेकी कर रहे थे। इस बीच अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पुख्ता जानकारी दी थी कि एयरपोर्ट के बाहर आईएसआईएस के आतंकी कभी भी हमला कर सकते हैं। वाइट हाउस ने भी कहा था कि अमेरिकी सैनिक जितने दिन काबुल एयरपोर्ट पर रुकेंगे, उनके ऊपर हमले के खतरा उतना ही ज्यादा बढ़ेगा।
