मुंबई के अनाथालय में 95 में से 22 बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले
मुंबई के सेंट जोसेफ स्कूल और अनाथालय में 95 बच्चों में से 22 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई म्युनिसिपल कोऑपरेशन ने इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि 24 अगस्त को इस अनाथालय में कैंप लगाकर कोरोना टेस्ट किए गए थे।
25 अगस्त को 22 की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इन बच्चों में 4 की उम्र 12 साल से कम होने की वजह से उन्हें नायर अस्पताल के पेडियाट्रिक केयर सेंटर में रखा गया है। इसके अलावा 18 बच्चों को रिचर्डसन एंड क्रूडस कोविड केयर सेंटर में रखा गया है। इनमें 12 की उम्र 12-18 साल और 6 बच्चे 18 साल से ज्यादा उम्र के हैं। सभी बच्चों की तबीयत स्थिर है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
NEET और JEE के एंट्रेंस एग्जाम की रैंक लिस्ट में सीनियर कैंडिडेट को प्राथमिकता नहीं
ऑल इंडिया लेवल पर होने वाली इंजीनियरिंग और मेडिकल की परीक्षाओं में गुरुवार को बड़ा बदलाव किया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) और ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE मेन) की रैंक लिस्ट में ज्यादा उम्र के कैंडिडेट्स को दी जाने वाली प्राथमिकता का नियम खत्म कर दिया है।
