24 दिसंबर से शुरू हो रही विजय हजारे ट्रॉफी के मैच अब बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेले जाएंगे
24 दिसंबर से शुरू हो रही विजय हजारे ट्रॉफी के मैच अब बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेले जाएंगे। सुरक्षा कारणों को देखते हुए यहां होने वाले सभी मुकाबले BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में शिफ्ट कर दिए गए हैं। इसके साथ ही बेंगलुरु में टूर्नामेंट के सभी मैच बंद दरवाजों के पीछे खेले जाएंगे, यानी फैंस की एंट्री नहीं होगी। इससे पहले CoE में दिलीप ट्रॉफी और इंडिया ए के मैच भी इसी तरह होस्ट किए जा चुके हैं।
क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज के मुताबिक, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। मंगलवार सुबह KSCA को कर्नाटक के गृह मंत्रालय से इस फैसले की सूचना मिली, जिसके बाद ओपनिंग मैच खेलने वाली दिल्ली और आंध्र प्रदेश की टीमों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
दरअसल, 4 जून को बेंगलुरु में RCB के IPL विक्ट्री सेलिब्रेशन के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने इस स्टेडियम में बड़े आयोजनों को लेकर सख्त रुख अपनाया। इसी वजह से BCCI को महिला वर्ल्ड कप के कुछ मैच भी बेंगलुरु से बाहर शिफ्ट करने पड़े थे।
