Google Analytics Meta Pixel
खेल

हिमाचल के धर्मशाला में HPCA (हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) स्टेडियम में रविवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 मैच खेला गया

हिमाचल के धर्मशाला में HPCA (हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) स्टेडियम में रविवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 मैच खेला गया। इसे देखने के लिए दोनों टीमों के फैंस बड़ी संख्या में पहुंचे। धर्मशाला घूमने आए ऑस्ट्रेलिया के टूरिस्ट ने भी भारत को सपोर्ट किया।

दोपहर बाद से ही स्टेडियम के बाहर क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी थी। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे फैंस टीम इंडिया का समर्थन करने के लिए झंडे, जर्सी और पोस्टर के साथ नजर आए। भीड़ का आलम यह था कि मैक्लोडगंज से धर्मशाला स्टेडियम आने वाली मुख्य सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई।

शाम को स्टेडियम में एंट्री के दौरान नेटवर्क की दिक्कत के चलते लोगों को स्टेडियम के बाहर की काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें एंट्री दे दी गई।

मैच से पहले मौसम को लेकर चिंता जरूर बनी थी, मगर मौसम साफ रहा। स्टेडियम प्रबंधन ने एहतियातन कवर और सुपर सोपर (स्पंज रोलर) की तैयारी भी कर रखी थी।

मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी। पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों में की गई थी। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने स्टेडियम के भीतर निरीक्षण किया। सुरक्षा एजेंसियों ने हर स्टैंड, पवेलियन और गैलरी तक पहुंचकर गहन जांच की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *