16 साल पहले आज ही हुआ था विराट का आगाज़, अब तक लिखी इतिहास की नई इबारतें
नई दिल्ली : भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 17 साल पूरे कर लिए हैं। कोहली ने 2008 में आज ही के दिन वनडे डेब्यू किया था और यहीं से उनके विराट सफर की शुरुआत हुई थी। कोहली अपने करियर के दौरान 2011 वनडे विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे और 50 ओवर के प्रारूप में उनके नाम सर्वाधिक शतक हैं। कोहली का करियर कई उपलब्धियों को गवाह रहा है और आज भी मैदान पर उनका जलवा कायम है।
चार बार आईसीसी खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे कोहली
कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था, लेकिन अपने पहले मैच में वह 12 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, इसके बाद उन्होंने पीछे मुढ़कर नहीं देखा और नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए। किंग कोहली और द रन मशीन के नाम से क्रिकेट जगत में प्रसिद्ध विराट ने तमाम ऐसे रिकॉर्ड्स बनाए हैं जिन्हें तोड़ पाना मुश्किल है। उन्हें कई बार कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा, खास कर जब वह आउट ऑफ फॉर्म रहे। अपनी प्रतिबद्धता, क्रिकेट के जुनून और कड़ी मेहनत ने उन्हें नई बुलंदियों पर पहुंचा दिया। अपने 17 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में वह भारतीय टीम की तीनों प्रारूपों में कमान संभाल चुके हैं। वह 2011 वनडे विश्व कप, 2013 और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2024 टी20 विश्न कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं।
