पीएम मोदी का ऐतिहासिक संबोधन आज, लाल किले पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की होगी खास झलक
नई दिल्ली: भारत 15 अगस्त 2025 को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से जश्न-ए-आजादी का नेतृत्व करेंगे. इस साल का आयोजन ‘नया भारत’ थीम पर आधारित होगा, जो राष्ट्र की प्रगति आत्मनिर्भरता और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दर्शाएगा.
रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और प्रतिष्ठित स्मारक की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे. स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह एक समृद्ध, सुरक्षित और साहसिक नए भारत के निरंतर उत्थान का स्मरण करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए एक नई ऊर्जा का संचार करेगा.
