हरियाणा के गुरुग्राम में मशहूर सिंगर और रैपर राहुल यादव फाजिलपुरिया पर फायरिंग हुई
हरियाणा के गुरुग्राम में मशहूर सिंगर और रैपर राहुल यादव फाजिलपुरिया पर फायरिंग हुई है। जिस वक्त हमला हुआ, फाजिलपुरिया अपनी सफेद रंग की थार से जा रहे थे। इसी दौरान हमलावर पीछे से दूसरी गाड़ी में आए और गोलियां चलाने लगे। इसकी भनक लगते ही फाजिलपुरिया ने गाड़ी दौड़ा दी। जिससे वह इस हमले में बाल-बाल बच गए।
देर रात फाजिलपुरिया SPR पुलिस चौकी पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि मेरी जान को खतरा है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच के लिए 2 टीमें बनाई हें। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरे चेक कर रही है।
फाजिलपुरिया बॉलीवुड मूवी कपूर एंड संस में गाए ‘लड़की ब्यूटीफुल, कर गई चुल’ से सुर्खियों में आए थे। उनके पास हरियाणा पुलिस की सिक्योरिटी थी, लेकिन 3 महीने पहले ही सरकार ने इसे हटा लिया था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को इनपुट मिला था कि बदमाश किसी सिंगर को निशाना बना सकते हैं।
फाजिलपुरिया पर हुए हमले का तरीका ठीक वैसा ही है, जैसे 3 साल पहले मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का कत्ल किया गया था। फाजिलपुरिया मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के दोस्त हैं और जननायक जनता पार्टी (JJP) के टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।