I.N.D.I.A की अगली बैठक भोपाल में हो सकती है:अक्टूबर में होनी है
विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A की अगली बैठक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अक्टूबर की शुरुआत में हो सकती है। विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं की पहली संयुक्त सार्वजनिक रैली के बाद यह बैठक होनी है। प्रदेश में दो महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं।
न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। सूत्रों ने कहा कि अगली बैठक आयोजित करने के विकल्प पर मुंबई में विपक्षी दलों की हाल ही में हुई बैठक में चर्चा की गई थी। इसमें भोपाल में बैठक करने पर सहमति थी, लेकिन कोई तारीख तय नहीं की गई थी। साथ ही इसके तौर-तरीकों पर काम नहीं किया गया था।
सूत्रों ने कहा कि विपक्षी गठबंधन की अगली बैठक के लिए विपक्षी नेताओं ने दिल्ली को भी एक विकल्प रखा है। हालांकि तारीख की कोई पुष्टि नहीं हुई। उधर, I.N.D.I.A चुनाव नजदीक आने पर विभिन्न स्थानों पर NDA के खिलाफ संयुक्त रैलियां आयोजित करने की योजना बना रहा है।
I.N.D.I.A गठबंधन पहले ही पटना, बेंगलुरु और मुंबई में तीन बैठकें कर चुका है। 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में हुई तीसरी बैठक में कोऑर्डिनेशन और कैंपेन समेत 5 कमेटियां बनाई गईं। मीटिंग में लोगो फाइनल नहीं हो सका। कई दलों को एक डिजाइन पसंद आया है, जिसमें सुधार को लेकर कुछ सुझाव दिए गए हैं।