हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस जीत की ओर :भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस जीत की ओर है। बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश में हार स्वीकार की, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह थोड़ी देर में राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, कांग्रेस 16 सीटें जीत चुकी है और 23 पर आगे चल रही है। हिमाचल में जीत के बाद कांग्रेस कोई चूक नहीं रखना चाहती है। स्पष्ट बहुमत के बाद भी कांग्रेस को यहां अपने जीते हुए विधायकों के खरीद-फरोख्त का डर है। ऐसे में कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं छत्तीसगढ़ के सीएम और हिमाचल के पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपिंदर हुड्डा और राज्य में पार्टी के इनचार्ज राजीव शुक्ला को चंडीगढ़ भेज रही है।भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायकों के खरीद-फरोख्त की आशंका है। भूपेश बघेल और राजीव शुक्ला चंडीगढ़ पहुंचने वाले हैं जबकि भूपिंदर हुड्डा पहले से ही चंडीगढ़ में मौजूद हैं। हिमाचल में कांग्रेस इनचार्ज तजिंदर सिंह बिट्टू ने कहा, ‘हम अपने नेताओं को चंडीगढ़ ले जा रहे हैं और हमने अपने खिड़की-दरवाजे बंद कर लिए हैं क्योंकि बीजेपी खरीद-फरोख्त की कोशिश करेगी। उन्होंने पहले भी ऐसा कई बार किया है।’
