अधीर रंजन चौधरी के निलंबन पर I.N.D.I.A. का मार्च:लोकसभा से विपक्ष का वॉकआउट;
मानसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को संसद में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी का सस्पेंशन हो गया। इसके विरोध में विपक्ष के नेताओं ने दोनों सदनों में हंगामा किया। I.N.D.I.A. के सांसदों ने लोकसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करने का फैसला लिया। बाद में सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में मार्च निकाला। इस प्रदर्शन में सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी सांसद शामिल हुए। उधर, राज्यसभा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी के सस्पेंशन का मुद्दा उठा।
इधर, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने AAP सांसद राघव चड्ढा को निलंबित कर दिया है। सांसद संजय सिंह का निलंबन भी बढ़ा दिया गया है। अधीर रंजन समेत तीनों सांसद विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट आने तक निलंबित रहेंगे।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सदस्यों के निलंबन का मुद्दा उठाया। हाथ जोड़ते हुए सभापति जगदीप धनखड़ से कहा, ‘प्लीज मेरा माइक बंद न करें।’ दरअसल, जैसे ही खड़गे बोलने के लिए उठे सभापति उन्हें रोकने लगे।
