मोहम्मद सिराज को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज से आराम दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। BCCI ने कहा, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज के टखने में दर्द की शिकायत है और एहतियात के तौर पर मेडिकल टीम ने उन्हें आराम की सलाह दी है।
वो टेस्ट सीरीज का हिस्सा रहे आर अश्विन, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत और नवदीप सैनी के साथ ही भारत लौट गए हैं। सिराज को वनडे सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अचानक उन्हें आराम देने का फैसला कर लिया।
सिराज ने पोर्ट ऑफ स्पेन में ड्रॉ रहे दूसरे टेस्ट में 5 विकेट लिए थे और पहली बार टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। डॉमनिका टेस्ट में भी उन्होंने 2 विकेट लिए थे। आर अश्विन (15) के बाद वह सीरीज में भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
