अनिल अंबानी की कंपनी से 5 एयरपोर्ट वापस लिए जाएंगे
आर्थिक संकट से जूझ रहे अनिल अंबानी से महाराष्ट्र सरकार 5 एयरपोर्ट वापस लेने की तैयारी कर रही है। राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा में कहा कि सरकार जल्द अनिल अंबानी ग्रुप से लातूर, उस्मानाबाद, नांदेड़, यवतमाल और बारामती एयरपोर्ट वापस ले सकती है।
दरअसल, साल 2008-2009 में सरकार ने एयरपोर्ट के रखरखाव के लिए अनिल अंबानी की रिलायंस एयरपोर्ट डेवलपर्स लिमिडेट को सौंपा था। अब अंबानी की कंपनी न ही एयरपोर्ट का रखरखाव कर रही है और न ही बकाए पैसों का पेमेंट कर रही है।
रिलायंस एयरपोर्ट डेवलपर्स लिमिडेट ने इन सभी पांच एयरपोर्ट के लिए सबसे अधिक 63 करोड़ रुपए की बोली लगाई थी।
अटॉर्नी-जनरल से कानूनी राय लेगी महाराष्ट्र सरकार
फडणवीस ने कहा कि, सरकार इस मामले में अटॉर्नी-जनरल से कानूनी राय लेगी कि रिलायंस एयरपोर्ट डेवलपर्स लिमिडेट से बकाए पैसों को कैसे वसूला सकती है। इसके साथ ही, क्या सरकार इसके बजाय एयरपोर्ट का नियंत्रण पूरी तरह से अपने हाथ में ले सकती है।
