मणिपुर के बिष्णुपुर में आगजनी, इंफाल-चुराचांदपुर में फायरिंग
मणिपुर में 4 मई को भीड़ ने दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया था। 19 जुलाई को इसका वीडियो सामने आने के बाद राज्य में हिंसा बढ़ गई है। शनिवार (22 जुलाई) को चुराचांदपुर और इंफाल के पास मैतेई और कुकी समुदाय के बीच रात भर फायरिंग हुई। बिष्णुपुर के थोरबुंग में भीड़ ने एक स्कूल और कई घरों में आग लगा दी।
इस बीच मिजोरम में पूर्व उग्रवादी संगठन शांति समझौता एमएनएफ रिटर्नीज एसोसिएशन (PAMRA) ने मैतेई को सतर्कता बरतने की एडवाइजरी जारी की। जिसके बाद डर के कारण मैतेई समुदाय के करीब 10 हजार लोगों ने पलायन शुरू कर दिया है।
हालांकि मिजोरम सरकार ने मैतेई की सुरक्षा के लिए राजधानी आइजोल में चार बटालियन कैंप बनाए हैं। मणिपुर-मिजोरम सीमा पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। मणिपुर सरकार ने कहा है कि मिजोरम में मैतेई समुदाय के लोग डरे हुए हैं। हम उन्हें एयरलिफ्ट करेंगे। 40 लोग मिजोरम से मणिपुर आ चुके हैं।
शनिवार को महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल मणिपुर पहुंची।
