चंद्रयान-3 को एक और ऑर्बिट ऊपर पहुंचाया गया:दो और कोशिश फिर चांद की कक्षा में पहुंचेगा
इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन ( इसरो) के वैज्ञानिकों ने मंगलवार को चंद्रयान-3 को तीसरी बार नई ऑर्बिट में कामयाबी से पहुंचा दिया। इसरो ने बताया कि मिशन तय समय पर है। कक्षा बढ़ाने के लिए अगली फायरिंग 20 जुलाई को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच प्लान की गई है।
31 जुलाई की रात चंद्रमा की तरफ बढ़ेगा
इसके बाद पृथ्वी के ऑर्बिट में एक बार और फायरिंग की जाएगी। स्पेसक्राफ्ट 31 जुलाई और 1 अगस्त की मध्यरात्रि को पृथ्वी की कक्षा छोड़कर चंद्रमा की ओर बढ़ेगा। 5 अगस्त को यह चंद्रमा की ऑर्बिट में पहुंच जाएगा। 23 अगस्त को यह चंद्रमा पर लैंड करेगा।
लैंडर और रोवर चांद के साउथ पोल पर उतरेंगे
चंद्रयान-3 में लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल हैं। लैंडर और रोवर चांद के साउथ पोल पर उतरेंगे और 14 दिन तक वहां प्रयोग करेंगे। प्रोपल्शन मॉड्यूल चंद्रमा की कक्षा में रहकर धरती से आने वाले रेडिएशन्स का अध्ययन करेगा। मिशन के जरिए इसरो पता लगाएगा कि चांद की सतह पर कैसे भूकंप आते हैं। यह चंद्रमा की मिट्टी का अध्ययन भी करेगा।