हार्दिक-चहल के सामने इंग्लिश बल्लेबाज नहीं कर पाए धमाल
इंग्लैंड ने तीसरे वनडे मैच में टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 260 रन का टारगेट रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 45.5 ओवर में 259 रन के स्कोर पर ही ऑलआउट हो गई। कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने 4 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल ने 3 और मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट लिए। 1 सफलता रवींद्र जडेजा को मिली।
बटलर, मोइन और पुछल्ले बल्लेबाजों ने संभाली पारी
सिराज और पंड्या की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के चार विकेट 74 रन के स्कोर तक निकाल लिए थे। इसके बाद मोइन और बटलर ने पांचवें विकेट की साझेदारी में 75 रन जोड़ दिए। इस पार्टनरशिप के टूटने के बाद बटलर ने लियाम लिविंगस्टन के साथ छठे विकेट के लिए 49 रन जोड़ दिए। 198 के स्कोर पर लिविंगस्टन और 199 के स्कोर पर बटलर आउट हो गए। इसके बाद डेविड विली (18) और क्रेग ओवर्टन ने (32) ने छोटी लेकिन अहम पारियां खेल कर इंग्लैंड को फाइटिंग टोटल तक पहुंचा दिया।
जडेजा का फिल्ड में कमाल
मैच में रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला। उन्होंने मोइन अली को आउट किया। मोइन के बल्ले से 34 रन निकले। बटलर 65 बॉल पर वनडे करियर की 22 वीं फिफ्टी लगाकर आउट हुए। जडेजा ने मैच में दो शानदार कैच भी लपके। लियाम लिविंगस्टोन और जोस बटलर के ये कैच जडेजा ने डीप स्क्वायर लेग बांउड्री पर पकड़े। दोनों विकेट हार्दिक पंड्या ने लिए।
