भारत ने नौवीं बार जीती SAFF चैंपियनशिप:कुवैत को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया
भारत ने साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन चैंपियनशिप (SAFF) जीत ली है। टीम ने फाइनल में कुवैत को पेनल्टी में 5-4 से हराया। इससे पहले, मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा।
टीम इंडिया ने 9वीं बार यह टाइटल जीता है। टीम 13वीं दफा फाइनल मुकाबला खेल रही थी।
बेंगलुरु के कांतिरवा स्टेडियम में मंगलवार शाम खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। इसमें भारत की ओर लालिंन जुवाला चांग्ते (38वें) और कुवैत की ओर से शबेव अल खल्दी (14वें) ने गोल दागे, हालांकि कुवैत ने फ्री किक पर गोल के मौके भी गंवाए।
90 मिनट का मैच 1-1 से ड्रॉ रहने के बाद 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया, लेकिन उसमें भी गोल नहीं आया। ऐसे में चैंपियन का फैसला करने के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। जिसे सुनील छेत्री की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 5-4 से अपने नाम किया।
