पुतिन के दुश्मन प्रिगोझिन को नहीं बचा सकेगी बेलारूस की डील, रूस की खुफिया एजेंसी पीछे पड़ी
वॉशिंगटन: रूस में वैगनर ग्रुप का विद्रोह खत्म होने के बाद राष्ट्रपति पुतिन का पहली बार वीडियो सामने आया है। इस दौरान पुतिन ने ऐसा दिखाने की कोशिश की कि सबकुछ कंट्रोल में है। उन्होंने अपने संबोधन में इस विद्रोह का जिक्र नहीं किया। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि फुटेज पहले से रिकॉर्डेड था या फिर लाइव था। पुतिन का राष्ट्र के नाम आखिरी संबोधन शनिवार से था। तब उन्होंने वैगनर ग्रुप के विद्रोहियों की निंदा करते हुए इसे पीठ में छुरा घोंपने वाला बताया और उनके विद्रोह को कुचलने की कसम खाई थी।
रविवार को उन्हें एक इंटरव्यू में भी दिखाया गया। पुतिन को भविष्य के इंजीनियर्स नामक युवाओं के मंच से बात करते हुए देखा गया। रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के अधिकारियों ने भी इस बात पर जोर दिया कि पुतिन आज काम कर रहे थे। उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति से फोन पर बात की और तेल से जुड़े नियमों पर हस्ताक्षर किए। हालांकि 40 घंटे से ज्यादा होने के बाद भी पुतिन पब्लिक में नहीं दिखे हैं। इसके साथ ही पुतिन के दुश्मन और वैगनर ग्रुप के चीफ भी नहीं दिखे हैं।
