मुख्तार गैंग के शूटर जीवा की लखनऊ कोर्ट में हत्या
लखनऊ के कैसरबाग कोर्ट में बुधवार दोपहर पेशी पर आए बदमाश संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा (48) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जीवा मुख्तार अंसारी गैंग का शूटर था। हमलावर वकील की ड्रेस में आया था। उसने दोपहर 3.50 बजे 9 MM की पिस्टल से कोर्ट रूम में ही 5-6 राउंड फायरिंग की। हमले में जीवा की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग में एक बच्ची, उसकी मां और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
वारदात के बाद मौके से भाग रहे हमलावर को वकीलों ने पकड़ लिया। उसकी पिटाई की। पुलिस ने किसी तरह उसे छुड़ाया। हमलावर का नाम विजय उर्फ आनंद यादव है। वह जौनपुर का रहने वाला है। उस पर आजमगढ़ और जौनपुर में केस दर्ज हैं।
विजय ने जीवा की हत्या क्यों की, यह पता नहीं चल पाया है। कोर्ट बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है। वारदात के बाद वकीलों ने पुलिस से धक्का-मुक्की की। कई पुलिसकर्मियों को गेट से बाहर निकालकर गेट बंद कर दिया।