ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मीराबाई चानू समेत 11 खिलाड़ियों ने पुरस्कार लौटाने की दी चेतावनी
इंफाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हिंसा प्रभावित मणिपुर के दौरे पर हैं। इस बीच ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट एस मीराबाई चानू समेत 11 खिलाड़ियों ने बड़ा ऐलान किया है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों ने मंगलवार को कहा कि अगर राज्य की क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किया जाता है तो वे सरकार की ओर से दिए गए पुरस्कार लौटा देंगे। ये 11 खिलाड़ी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को राज्य के उनके दौरे के दौरान इस मुद्दे पर एक ज्ञापन सौंपेंगे।
एल अनीता चानू (ध्यानचंद पुरस्कार विजेता), अर्जुन पुरस्कार विजेता एन कुंजारानी देवी (पद्म श्री), एल सरिता देवी और डब्ल्यू संध्यारानी देवी (पद्म श्री पुरस्कार विजेता) और एस मीराबाई चानू (पद्म श्री और राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार विजेता) उन 11 खिलाड़ियों में शामिल हैं।
