400 मौतें-हजारों बेघर: सूडान में क्यों भड़की है हिंसा
अफ्रीकी देश सूडान में भड़की हिंसा में अभी तक 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस हिंसा के कारण हजारों लोग बेघर हो गए। राजधानी खार्तूम सहित कई शहरों में जान-माल को भारी नुकसान हुआ है। करीब एक सप्ताह से जारी सूडान हिंसा की वजह क्या है? इसका समाधान कैसे होगा? आईए जानते हैं इस स्पेशल रिपोर्ट में।
सूडान पिछले एक सप्ताह से हिंसा की आग में झुलस रहा है। 15 अप्रैल से सूडान में शुरू हुई हिंसा में अभी तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी खार्तूम सहित सूडना के कई शहरों में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। हजारों लोग बेघर हो गए। बम-गोलों की बारिश से बचने के लिए लोग अपने-अपने घरों में दुबक कर रहने को विवश हैं। आलम यह है कि राजधानी खार्तूम तक में कई अस्पताल तक बंद हो गए हैं। इस हिंसा के बीच भारत के भी कई लोग सूडान के अलग-अलग हिस्सों में फंसे हैं। जिन्हें वापस लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले उच्चस्तरीय बैठक की थी। इस हिंसा के कारण सबसे ज्यादा परेशानी सूडान की महिलाओं और बच्चों को हो रही है। यौन शोषण, बलात्कार जैसी घटनाएं यहां काफी बढ़ गई है। प्रग्नेंट महिलाओं को न डॉक्टर मिल रहे हैं और न क्लीनिक। इस विषम परिस्थिति को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र महिला आयोग ने चिंता जताई है।