रेकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा देश का विदेशी मुद्रा भंडार, 9 महीने में हुआ सबसे ज्यादा
नई दिल्ली: देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बड़ा उछाल आया है। पिछले दो हफ्ते से विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट देखने को मिल रही थी। अब इसमें रेकॉर्ड तेजी आ गई है। 7 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 6.306 अरब डॉलर बढ़कर 584.755 अरब डॉलर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस वृद्धि के साथ पिछले दो सप्ताह से जारी गिरावट पर विराम लगा है। इससे पिछले सप्ताह, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 32.9 करोड़ डॉलर घटकर 578.42 अरब डॉलर रहा था।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2021 में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। वैश्विक घटनाक्रमों के बीच केंद्रीय बैंक के रुपये की विनियम दर में तेज गिरावट को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने की वजह से बाद में इसमें गिरावट आई थी।