अब SBI में FD पर मिलेगा ज्यादा ब्याज
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर मिलने वाली ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। दरअसल, SBI ने 2 करोड़ रुपए से कम की FD पर मिलने वाली ब्याज दरों में 5 से 25 बेसिस प्वाइंट का इजाफा कर दिया है। अब SBI में FD कराने पर 3% से लेकर 7% तक ब्याज मिलेगा। SBI की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, FD पर नई ब्याज दरें 15 फरवरी से लागू हो गई हैं।
SBI ने यह अनाउंसमेंट RBI के रेपो रेट में बढ़ोतरी करने के बाद की है। RBI ने 8 फरवरी को रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही अब रेपो रेट 6.25% से बढ़कर 6.5% हो गई है। SBI से पहले एक्सिस बैंक, ICICI बैंक और PNB समेत कई बैंक भी FD पर मिलने वाली ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर चुके हैं।
SBI में 1 साल की FD पर मिलेगा 6.8% ब्याज
नई ब्याज दरों के अनुसार, अगर अब आप SBI में 1 साल के लिए FD कराते हैं तो आपको सालाना 6.8% की दर से ब्याज मिलेगा। वहीं 2 साल की FD पर बैंक सबसे ज्यादा 7% का ब्याज देगा। इसके अलावा 3 और 5 साल की FD पर 6.5-6.5% ब्याज मिलेगा।