नहीं रहीं बंगाली सिंगर सुमित्रा सेन:89 साल की उम्र में हुआ निधन
रविंद्र संगीत की लेजेंड्री सिंगर सुमित्रा सेन का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मंगलवार (3 जनवरी) को कोलकाता स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। सुमित्रा ब्रोंको-निमोनिया से पीड़ित थीं और उन्हें 29 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि तीन दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और उनकी दोनों बेटियां उन्हें उनके घर ले आई थीं। इसके बाद 2 जनवरी को उनकी हालत बिगड़ गई और 3 जनवरी की सुबह उनका निधन हो गया।
ममता बनर्जी ने दी श्रद्धांजलि
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुमित्रा सेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘मैं सुमित्रा सेन के आकस्मिक निधन से बहुत दुखी हूं, जिन्होंने दशकों तक ऑडियंस को मंत्रमुग्ध किया। मेरे उनके साथ करीबी संबंध थे। पश्चिम बंगाल सरकार ने 2012 में उन्हें संगीत महासम्मान से सम्मानित किया था। उनके निधन से संगीत जगत को बहुत बड़ा नुक्सान हुआ है। सुमित्रा दी की बेटियों इंद्राणी और श्रावणी तथा उनके फैंस के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’