2 साल के निचले स्तर पर टेस्ला के शेयर:रिकॉर्ड उच्च स्तर से 73% टूटा
दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क की ऑटोमोबाइल कंपनी टेस्ला के शेयर 2 साल के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। मगंलवार को ये 14.05 डॉलर या 11.41% टूटकर 109.10 डॉलर पर आ गया है। शेयर में गिरावट के कारण मस्क की नेटवर्थ भी 8.9 अरब डॉलर गिरकर 137.6 अरब डॉलर पर आ गई है। भारत के कारोबारी गौतम अडाणी अब मस्क से केवल 12 बिलियन डॉलर ही पीछे हैं।
जनवरी में केवल 17 दिन प्रोडक्शन होगा
हाल ही में रॉयटर्स की रिपोर्ट में कहा गया था कि टेस्ला जनवरी में अपने शंघाई प्लांट में कम प्रोडक्शन की योजना बना रही है। रिपोर्ट के मुताबिक टेस्ला 3 जनवरी से 19 जनवरी के बीच जनवरी में 17 दिनों के लिए प्रोडक्शन करेगा और चाइनीज न्यू ईयर के कारण 20 जनवरी से 31 जनवरी तक इलेक्ट्रिक व्हीकल प्रोडक्शन बंद कर देगा। इस खबर के सामने आने के बाद ही शेयर में इतनी भारी गिरावट दिखी है।
रिकॉर्ड उच्च स्तर से 73% नीचे टेस्ला
नवंबर 2021 में टेस्ला के शेयर अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से 73% गिर गए हैं। 2022 में स्टॉक 69% नीचे है। 2010 में अपने आईपीओ के बाद से, टेस्ला का केवल दूसरा साल है जिसमें ये गिरावट आई है। इससे पहले 2016 में इसमें 11% की गिरावट आई थी। अन्य प्रमुख कार मैन्युफैक्चर्स की बात करें तो, फोर्ड 46% नीचे है और जनरल मोटर्स 43% टूट गया है।
