नाराज कार्यकर्ताओं ने कॉलर पकड़कर मारे मुक्के, मंच छोड़कर भागे
दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के विधायक गुलाब सिंह यादव के साथ सोमवार रात को कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। इसका एक VIDEO वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि विधायक खुद को बचाने के लिए भाग रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनका पीछा कर रहे हैं।
विधायक के साथ लोगों ने धक्का-मुक्की की। कॉलर पकड़कर मुक्के मारे। हालांकि, इस घटना पर AAP का कोई बयान नहीं आया। CM अरविंद केजरीवाल ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
यह घटना कब और कहां हुई?
विधायक गुलाब सिंह यादव सोमवार रात करीब 8 बजे श्याम विहार में अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। उस दौरान यह घटना हुई।
आखिर हुआ क्या था?
बैठक के दौरान अचानक हंगामा शुरू हो जाता है। AAP के आक्रोशित कार्यकर्ता विधायक के साथ मारपीट शुरू कर देते हैं। उनका कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की भी करते हैं। जैसे ही यादव बाहर निकलने की कोशिश करते हैं, तो कार्यकर्ता उनका पीछा करते हुए उन्हें मुक्के मारते हैं। आखिर में खुद को बचाने के लिए विधायक को मौके से भागना पड़ता है।