ऊंचाई के कलेक्शन की रफ्तार थमी:वीकेंड खत्म होते ही फिल्म की कमाई में गिरावट
शानदार वीकेंड निकालने के बाद ऊंचाई की कमाई की रफ्तार अब थोड़ी स्लो हो गई है। फिल्म ने सोमवार को 1.88 करोड़ का कलेक्शन किया जबकि मंगलवार को फिल्म ने महज 1.76 करोड़ की कमाई की। फिल्म ने अपना पहला वीकेंड करीब 10.50 करोड़ की कमाई के साथ खत्म किया था लेकिन वीकेंड के खत्म होते ही फिल्म की कमाई पर भी ब्रेक लगता दिख रहा है। इस तरह रिलीज के पांच दिनों में फिल्म ने 14.14 करोड़ का टोटल कलेक्शन कर लिया है। हालांकि फिल्म को 500 से भी कम स्क्रीन्स में रिलीज किया है। इस हिसाब से देखा जाए तो फिल्म का अब तक का प्रदर्शन अच्छा है।
अब तक कुल 14.14 करोड़ का बिजनेस किया
ऊंचाई ने रिलीज के पहले दिन 1.81 करोड़ और दूसरे दिन 100% बढ़ोतरी के साथ 3.65 करोड़ का कलेक्शन किया था। तीसरे दिन भी फिल्म ने 35 से 40% उछाल के साथ करीब 5 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। अब वीकेंड खत्म होते ही फिल्म की कमाई में कमी देखने को मिल रही है। रिलीज के चौथे दिन फिल्म ने 1.88 करोड़ जबकि पांचवे दिन फिल्म का कलेक्शन 1.76 करोड़ रहा। इस तरह फिल्म ने अब तक 14.14 करोड़ का टोटल कलेक्शन कर लिया है। हालांकि साधारण दिनों में किसी भी फिल्म की कमाई वीकेंड की तुलना में कम ही रहती है।