अमेरिका में भारतीयों पर हमलों का विरोध तेज
कैलिफोर्निया में भारतवंशी परिवार के चार सदस्यों की हत्या के बाद लोग सड़कों पर उतर आए हैं। जगह-जगह कैंडल मार्च निकाले जा रहे हैं। श्वेत समुदाय ने भी भारतीयों पर हमलों का विरोध किया है।
कैलिफोर्निया में 3 अक्टूबर को जसदीप सिंह, उनकी पत्नी जसलीन कौर, 8 महीने की बेटी आरोही और भाई अमनदीप सिंह को अगवा कर मार दिया था। 6 अक्टूबर को उनके शव बरामद हुए थे। भारतवंशी परिवार के चारों सदस्यों का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।
परिवार ने मदद की अपील की
जसदीप के चचेरे भाई सुखदीप सिंह ने कहा- उनके जाने के बाद परिवार काफी बिखर गया है। मुझे नहीं पता कि मैं जो पीड़ा और दुःख महसूस कर रहा हूं, उसे कैसे बयां करूं। परिवार के करीबी रंजीत सिंह ने कहा- इस जबरदस्त संकट के बीच पीड़ित परिवार को हमारे समर्थन और हमारी मदद की जरूरत है। इसलिए हम स्थानीय समुदाय से हमारे साथ रहने और परिवार की मदद करने के लिए अपील करते हैं।
